सड़ी हुई भाषा

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

भाषा में से सड़ाँध आ रही है।

विरोध की भाषा को, पकने से पहले

सत्ता के भय का कीड़ा चाट रहा है, अब भी :

अब भी सत्ता सर्वशक्तिमान है; उसका पंजा

गले से आवाज़ के निकलते ही

आवाज़ का गला दबोच लेता है

सड़ाँध में से भाषा आ रही है।

कभी आदमी ने भाषा ईजाद की थी : मगर

अभी भाषा किसी आदमी को

ईजाद नहीं कर पा रही।

शब्दों को

या तो हँसने और रोने से

पहले निगल लेते हैं : या फिर

हँसने और रोने के बाद उगल देते हैं।

हम, हमेशा उन्हें अपने साथ नहीं

रखना चाहते, हम उनसे डर गए हैं

वे हमारी हँसी और हमारे रोने को

पागलपन और यातना में बदल देते हैं।

हम शब्दों के कारतूस हो जाने से डरते है

क्योंकि हम बंदूक़ नहीं हो सकते।

भाषा में से सड़ांध आ रही है

या सड़ांध में से भाषा आ रही है

या बारूद में से भाषा आ रही है

या भाषा में से बारूद आ रहा है।

हम किसी निष्कर्ष पर पहुँचने लगते हैं

तो या तो हमें हँसी आने लगती है

या तो फिर हम रोने लगते हैं।

अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like