लड़ाई - अवधेश कुमार

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

4 min read · 12.4K reads

अपने हाथ काटे,
उन्हें फैला कर कुर्सी के हत्थों पर रखा
और सभासदों से कहा--
लो, बांधो इन्हें ।

अपने पैर काटे,
रास्ते पर उन्हें जूतों समेत टिकाया
और लोगों से कहा--
चलाओ इन्हें ।

अपना सिर काटा,
एक थाली में सजा कर रख आया उसे
अपने एक पड़ोसी के दरवाज़े पर : काग़ज़ की
एक पुर्जी लिखकर--
लो, निबटो इससे ।


समूचा मुझे कोई नहीं नोचता
समूचा मुझसे कोई नहीं टकराना चाहता।
उन्हें चाहिए मेरा कोई अंश
उनके अपने मतलब का : वह भी
अप्रत्यक्ष रूप में उपलब्ध ।
उसके लिए मुझे
किसी न किसी माध्यम का सहारा लेना पड़ता है।

तब मैं अपने धड़ को मैदान में रख देता हूँ
और आवाज़ लगाता हूँ--
आओ दोस्तो,
अपने-अपने निर्णय सुनाओ इसे ।
अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories