फूल, काँच, मुर्ग़ा वग़ैरह

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

डाली से टूटने के बाद यह फूल

इतने दिन तक खिला रहा

टूटने के बाद ज़रा भी नहीं खिला मैं

काँच के ऊपर इतनी धूल जमने के बाद भी

चमक ज्यों की त्यों बनी रही काँच पर

अपनी धूल झाड़ने के बाद भी मैं रद्दी हो गया

गर्दन कट जाने के बाद भी मुर्ग़ा दौड़ता रहा

अकड़ के साथ ख़ून के फ़व्वारे छोड़ता हुआ

इस बंद कमरे में

लिखे जाने से पहले शब्द कितने स्वतंत्र थे

लिखे जाने के तुरंत बाद वे मेरी बात की मृत्यु हो गए

चुपचाप मैं कोशिश करने लगा बनने की फूल

काँच, मुर्ग़ा और शब्द वगैरह : कोई मरी हुई

चीज़ ताज़ी; आज़ाद रहे बहुत देर तक

रहे बहुत देर तक मरने के बाद भी।

अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like