जिप्सी लड़की

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

साँप का फन डफली पर पड़ा

फन पर पड़ा लाल रूमाल

मैंने देखी एक जिप्सी लड़की

पहाड़ के शरदोत्सव में।

पहाड़ के शरदोत्सव में

सीटी बजाते लड़के

सजी-धजी लड़कियाँ

नक़ली मोतियों की मालाएँ

बेचती तिब्बतनियाँ

हथ रिक्शा खींचते अधेड़

भीख माँगते बच्चे

और नाक की सीध में चलता

ख़लील जिब्रान ׃ जिप्सी लड़की के

गीत के साथ।

जिपसी लड़की के गीत के साथ

कव्वे की बोली और भालू का नाच

जेबकतरों और पर्यटकों का हुजूम

किराए का कमरा और दारू के

नशे में धुत्त हवलदार साहब।

दारू के नशे में धुत्त हवलदार साहब

नश्शा... हिलता रूमाल और चीख़

रात की सीली धुँध में

बत्तियों की छितरी रोशनी में

हिलता है साँप का फन।

हिलता है साँप का फन

डफली देर तक बजती है

सोई हुई जिप्सी लड़की की कुनमुनाती

टाँगों के बीच रात भर

पहाड़ के शरदोत्सव में।

रात भर पहाड़ के शरदोत्सव में

पछाड़ मारता है साँप का फन

पहाड़ पर काला रंग चढ़ता हैं

रूमाल से निचुड़ता हुआ लाल रंग

उस लड़की के ख़ून से मिलता है।

ख़लील जिब्रान के साथ

बर्फ़ के नीचे दबी

मैंने देखी एक जिप्सी लड़की

पहाड़ के शरदोत्सव में

पहाड़ के शरदोत्सव के बाद।

अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like