अबेसस

अतुलअतुल

1 min read · 12.4K reads

सेंसेक्स उचक कर बढ़ता है

पारा रोज़ फिसलता है दिल्ली के भीतर

ज़ेहन के भीतर किसी कुएँ की

गहराई में नीचे और नीचे

कुछ गिरता और गिरता है।

एक कस्तूरी महक के पीछे

भागता है मन हिरण, बेचैनियों को डाँगते

चीरता है नाभि अपनी हर शाम

फेफड़ों के साथ, ख़ाली

उदास शामें लेकर बैठ जाता है।

पासा फेंकता है शकुनि कोई जाल,

आख़िरी दौर का खेल, लुढ़कता ख़याल

'टू बी ऑर नॉट टू बी'

मेज़ पे बिछी साँसों की बाज़ी

और मौत के 'पोकर फ़ेस' से

फिर एक बार धोखा खाता है।

सपने और संगीत के बीच किसी अनमने

से टेक पर, नियति में फँसाए उँगली

गर्दन में पड़े गट्ठे को हटाते

किसी अजनबी ज़बान में अपना परिचय

दोहराता है, नाम अनूदित नहीं होता

अजनबी होता जाता है।

अतुल
About the poet

अतुल

नई पीढ़ी के कवि-लेखक।

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like