तुम कभी प्रेम में न हुए
न कभी मैं तुम्हारा प्रेमी
इंद्रधनुष के तमाम रंगों की तरह
हम बदलते रहे प्रेम और प्रिय
पर झुठाई में टूटते और फफकते रहे
बनाए रहे एक सपने का तिलिस्म और
दुहराते रहे भरोसे का जालीपन
जिसमें मृत्यु का सच बार-बार टलता रहा
शरीर और इच्छाओं से अधिक
प्रेम की संभावना की मृत्यु का
साथ के लम्हे कभी उतने सुंदर नहीं हुए
जितने कि हिज्र के पल उजाड़
प्रेम से कहीं अधिक
हम बाँट रहे थे एक दूसरे को उदासी
आख़िर प्रेम में उदास होना
उदास जीवन होने से अधिक वाजिब था।








