विन्यास

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

1 min read · 12.4K reads

जहाँ ज़रूरत थी

ठीक वहीं गिराते हुए अपनी चोंच से

एक लीलामग्न शब्द—जो न कम है, न अधिक

वह उड़ गया अभी-अभी पंख फड़फड़ाकर

गर्दन के पीछे से

अब लीन हो रही है अँधेरे में

पार्श्व से सरक कर

एक विराम-चिह्न की लंबी परछाईं

अन्यमनस्क-सा बैठ गया है किंचित क्षुब्ध होकर

ग़लत जगह लगा दिया गया एक पूर्णविराम

जहाँ गिरने ही वाली थी अर्थ की छाया

उसी जगह घिर गया बादलों से सूर्य

छिटकी हुई धूप में चमकते रहे कुछ बिंदु...

सतह पर बनाते हुए अनंत वृत्त

कंकर की तरह हवा को दबाती हुई गिरी वह पंक्ति

असमाप्त होकर अनश्वर हुआ

इस तरह एक विन्यास

आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like