हिंदी

आस्तीक वाजपेयीआस्तीक वाजपेयी19 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

भाग तो मैं भी सकता था

लेकिन रुका रहा।

ख़ाली पन्ने की स्तब्धता को

सहता रहा, भागा नहीं,

उससे भी ज़रूरी लिखता नहीं रहा।

लेकिन यह तो मेरी कायरता भी

हो सकती थी कि मैं इस भाषा में

वे गुस्ताख़ियाँ नहीं कर पाया

जो इसका अधिकार थीं।

मैं तो बहुत छोटा हूँ

‘आगे कुछ लिखेगा।’

जैसे समय एक पानी का झरना हो

जिसके नीचे लोग धुल जाते हैं।

मैं कुछ भले ही लिख नहीं पाता

लेकिन यह तो कह सकता हूँ

कि एक भाषा मेरी भाषा,

इत्तिफ़ाक़ से नहीं बनी।

वह शब्द के ज्ञान

या व्याकरण से नहीं,

वह तब बनी जब मेरे सपने में

घुस आई और बोली

तुम जैसों से क्या होगा।

कुछ ऐसा होता है।

लेकिन अब इस विफलता का

रिवाज़ नहीं बचा।

मुझसे इसके अलावा

कुछ बनता भी तो नहीं।

समय भाग गया

जब तक मैं कुछ लिख पाता तब तक,

और जब लिखना शुरू किया तो

ख़ुद भाग जाना चाहिए था।

भाग तो सकता था

वह विध्वंस भी

जो हमारी शताब्दी को ओढ़कर

सो गया है।

वह समाज भी

जिसने बहुत मेहनत से

अपनी भाषाओं पर गौरव महसूस करना

बंद कर दिया।

तो इस अदने से लेखक को तो

रुकना ही था।

जो गालियाँ बुरी लगतीं

वह भी इसी भाषा में थीं।

आस्तीक वाजपेयी
About the poet

आस्तीक वाजपेयी

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like