देशभक्ति

आस्तीक वाजपेयीआस्तीक वाजपेयी19 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

अब क्या रह गया है,

हम सब तो हार गए।

अपनी कोशिश की नाकामयाबी का

सामना करने का जज़्बा भी।

चलो, अब समय आ गया

पिछली शताब्दी के कोने में

हम गाँधी को बैठाकर आ गए,

यह बोलकर कि

देश आज़ाद हो गया।

क्योंकि हमें पता था कि आज़ादी

क़ुर्बानी माँगती है

हमने एक दूसरे को मारा,

उन्हीं अस्त्रों को उठाकर जिन्हें

सदियों पहले अशोक ने त्याग दिया था,

हम लड़ते गए और कुछ न कर पाए।

और हम छिप गए उस युद्ध से

जो हममें छिड़ गया था जिसे

जीतकर एक कुत्ते को

छोड़ने की शर्त पर

स्वर्ग जाने से मना कर चुका था

युधिष्ठिर।

अपने बूढ़ों के स्वप्नों को नोचकर

हम परिष्कृत हो गए।

अँग्रेज़ी बोलते-बोलते हमने

हिंदी में सोचा क्या हम स्वतंत्र हो गए?

हम कुछ तो हो ही गए होंगे

ढोंगी, क्रोधी, ईर्ष्यालु!

समय में गुँथा एक फंदा

जिसे खोलने की फ़ुर्सत

अब किसी के पास नहीं है।

हम यह समझ नहीं पाए

कि इस शोर से नहीं छिपेगा

कि हम अकेले थे,

नहीं छिपेगा कि

दूसरे भी अकेले थे।

आस्तीक वाजपेयी
About the poet

आस्तीक वाजपेयी

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like