कितना महीन बरस रहे हैं मेघ
जैसे किसी ने आसमान में
असंख्य स्प्रिंकलर लगा दिए हो।
जैसे आसमान को पता हो
कि अक्टूबर के महीने में
सिर्फ़ फुहारों से ही हरा हो जाता है मन।
छतरी बंद कर ली है मैंने
मैं डर रहा हूँ कि
कहीं नाराज़ न हो जाएँ बादल।
कुछ ऐसे भीग गए हैं बाल
जैसे काटने से पहले
स्प्रे किया है किसी सैलून वाले ने।
स्कूटी की सीट पर जमा हो गई हैं बूँदे
बेटा उन्हें हाथों से पोंछकर
बड़ी हैरानी से कहता है
देखो न पापा! शायद बारिश हो रही है यहाँ।
धीमे-धीमे भीग रही हैं सड़कें
दुकानों के छज्जों से थोड़ी-थोड़ी देर में
टप-टप से टपकती है बूँद।
टप से टपकी उस बूँद से
छससस... करके बुझ गई है सिगरेट
पानी में घुल गया है धुआँ
क्या कमाल की शै है यह पानी
भीतर घोल लेता है धुआँ
बहा ले जाता है दाग़, धब्बे, पुराने निशान
शायद और भी बहुत कुछ।
ओ बादल! थोड़ी देर और बरसना इस बार
बेशक जल्दी भीगता हो सब
पर मन थोड़ा देर से भीगता है।








