जेलें

अशोक भारतीअशोक भारती

1 min read · 12.4K reads

जेलें! काश,

केवल पुलिसिया बंदोबस्त के बीच,

छोटी-छोटी दमघोंटू कोठरियों, या

संगीनों के साये में,

सलाखों से घिरी दीवारें होतीं।

तब,

बड़े खुले हवादार कमरे,

सामने मख़मली घास का बग़ीचा, और

उनके बीच सूरजमुखी,

यूँ बदरंग और मुरझाया न होता।

तब,

बात-बात पर पूछताछ,

हर जगह घूरती कई जोड़ी आँखें, और

शक, शुबहा, अंधविश्वास व

हर किसी की ज़ोर-ज़बरदस्ती न चलती।

तब,

हिक़ारत से देखती माँ की आँखें,

सातवें आसमान पर बाप का ग़ुस्सा, और

जब-तब उनके ‘टें’ हो जाने का डर,

जेलों से ज़्यादा दमघोंटू न होता।

अशोक भारती
About the poet

अशोक भारती

दलित-संवेदना और सरोकारों के लिए उल्लेखनीय कवि-कार्यकर्ता।

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like