मेरा गुरु?
―एक उदास-बीमार जुआरी
बलात्कार के आरोप के दलदल में हाथ मारता।
मेरा ख़ुदा?
―पेड़ों से बतियाती
घुँघराले बालों वाली एक लड़की।
मेरी इबादत?
―सुबह की पहली चाय और सिगरेट।
मेरा इतिहास?
― मेरी कलाई पर
ब्लेड से काटे जाने के निशान।
मेरे अपने?
―दोबारा-तिबारा-चौबारा
पढ़े जाने के लिए मचलती चंद किताबें।
मेरा सच?
―तुम्हारे झूठ के दीवार पर
नृत्य करती मेरी आत्मा की परछाई।
मेरा दुःख?
―उस वेश्या के गालों पर फिसलते आँसू
जो एक रात मेरे देह के नहीं
बल्कि मेरे अस्तित्व के भारी बोझ तले दबी थी।
मेरी प्रिय कविता?
―एक बेनाम ईश्वर
जिसे मैंने जन्म दिया है।








