मुझे अलार्म की
टिनटिनाती आवाज़ में नहीं
पक्षियों का कलरव सुनकर जगना था।
भरी दुपहरी में
खेत से लौटते हुए
मुझे सुस्ताना था
महुआ और पलाश की बाँहों में।
क्रीड़ा करते मृगशावकों के
बच्चों की मख़मली पीठ पर
गुदगुदाना था उँगलियों से
अपने सूकून के लिए,
शावकों के मनोरंजन के लिए।
हताशा में गिलहरी से
लेनी थी प्रेरणा
फुनगी को क़दमों में करने की
शाम को नदी के सिरहाने बैठकर
लिखनी थी एक कविता
और पूछना था नदी से
चाँद के साथ विचरते रहने का राज़।
रात को झींगुरों की आवाज़ों से
निचोड़ना था संगीत
टिमटिमाते तारों को जोड़कर
बनाना था एक चेहरा।
इन सारी चीज़ों को बचाने के लिए
मैं पेड़ों को गले लगाता हूँ
ताकि तुम्हारी कुल्हाड़ी
पहले मेरे गले को रेते
फिर पेड़ों के गले तक पहुँचे।
मैं धरती के सीने में
प्रेम बोता हूँ
बोता रहूँगा
ताकि सामना कर सकूँ
तुम्हारी तोपों और बंदूक़ों का।
यह प्रेम की खेती
अनवरत जारी रहेगी
जब तक तुम इन जंगलों की
नन्ही-सी हथेलियों,
बाज़ुओं और धड़ को काटकर
इनकी पीठ पर कंक्रीट का जंगल
उगाने की चेष्टा करते रहोगे।








