अगर तुम सोचते हो कि
शब्द कविता बनते है
तो तुम ग़लत हो
शब्द नहीं ध्वनियाँ करती है
कविताओं का सृजन।
पहली प्रेम कविता
तब लिखी गई जब एक प्रेमी ने
अपनी महबूब की धड़कन सुनी
इस प्रकार कंपित ध्वनि
बनी एक अमर प्रेम कविता।
यह कविता मेरी नहीं थी
मैंने कंपित ध्वनि सिर्फ़ रेलगाड़ियों के
गुजरते वक़्त महसूस की थी
दुत्कार, डाँट, गाली और बद्दुआ
ये सब इनाम था मेरा
किसी सेठ का जूता
पॉलिश करते वक़्त
ट्रेन में झाड़ू लगाते हुए
तुम सोचते हो
दुत्कार और गाली की ध्वनि थी
मेरी पहली कविता
तो तुम इस बार भी ग़लत हो
मैंने पहली कविता लिखी
इन नर्क की बेड़ियों को तोड़ने के बाद
उत्पन्न हुई ध्वनि से
इसके बाद मैं लिखता गया
उन सारी आवाज़ों पर कविताएँ
जो किसी कोने में घुट रही थीं
पर अवसर के साथ
उन ध्वनियों ने ग़ुर्राना सीखा
और यह ग़ुर्राहट ही मेरी कविता बनी।








