तिरे रुख़ को जब ऐ सनम देखते हैं
ख़ुदा को ख़ुदा की क़सम देखते हैं
तुम्हें देखते हों तो दीदे ही फूटें
बुतो शान-ए-मौला को हम देखते हैं
गिला ग़ैर का क्या अज़ीज़ों से अपने
न दुश्मन भी देखे जो हम देखते हैं
मिला करते हैं सब से हम झुक के दाइम
कमाँ की तरह ख़ुद में ख़म देखते हैं
ज़माने ने काबा कलीसा में देखा
मगर उस को इस दिल में हम देखते हैं
चढ़ा लेते हैं सब तबर्रुक समझ कर
न विस्की न ठर्रा न रम देखते हैं
मिटा देते हैं उस को चाक़ू से 'असग़र'
मिरा नाम जिस जा रक़म देखते हैं








