कृष्ण को चाहता हूँ आशिक़-ए-सुब्हाँ हूँ मैं
सब मुझे कहते हैं हिन्दू वो मुसलमाँ हूँ मैं
राम भी कृष्ण भी अहमद भी गुरूनानक भी
दिल से इन चारों बुज़ुर्गों का सना-ख़्वाँ हूँ मैं
लब पे हर-हर है मिरे दिल में है अल्लाह अल्लाह
वेद पढ़ लेता हूँ और हाफ़िज़-ए-क़ुरआँ हूँ मैं
मेरा मज़हब है यही सब को समझना अपना
सब से मिलता हुआ रहता हूँ वो इंसाँ हूँ मैं
चार दिन जीना है मिल-जुल के बसर हो 'असग़र'
अब तो इस जग में कोई रोज़ का मेहमाँ हूँ मैं








