अक्सर लाल क़िला जाता हूँ
हफ़्ते में एक रोज़
एक वह भी है जो आती है वहाँ
जिसे देखते ही बढ़ जाती है
कुछ उत्सुकताएँ
जिज्ञासाएँ
और न जाने कितने शब्द
कि झटके में पूछ सकूँ
उसका नाम और अता-पता
उसकी शक़्ल-ओ-सूरत गवाही देती है
कि वह कश्मीर की है
उसी कश्मीर की
जिसे लाल क़िला का बादशाह
कभी कहता था—‘जन्नत’...
लाल क़िला के इर्द-गिर्द बहुत कुछ है
पर मुझे दिखता है सिर्फ़ वह क़िला
और वह लड़की
जिसके अंदर
इतिहास ही इतिहास है
वह भी अक्सर आती है—लाल क़िला
इस क़िले की इमारत से पत्थरों की दीवार से
इतिहास चुराना चाहती है वह कश्मीरी लड़की
जिसके एक गाल पर
फ़ौजी बूटों के निशान
और दूसरे गाल पर
आतंकी घूसों की चोट
शायद उसकी छाती का एक-एक भाग
हिदुस्तान-पाकिस्तान ने हथिया लिया है
और मेरे अनुमान से
अगर सुरक्षित है
उसकी जाँघों के बीच का कुछ भाग तो
ज़रूर उसे अकेले में ही सही
लड़की होने की अहमियत का पता है
वैसे लाल क़िला भी
दैहिक शोषण का शिकार है
साल में एकाध बार
दुल्हन की तरह सजाकर
देश के राजा द्वारा
फिर घोषणाओं के भ्रूण को
क़िले के गर्भ मे मारा जाता है
क्या सुरक्षित है यहाँ?
लाल क़िला!
कश्मीर!
इतिहास!
लड़कियाँ!








