अँगड़ाई में कट गए फूलों से दिन
चिड़ियों की चहकन से शुरू हुआ दिन
आसमानी चादर ताने गुनगुने दिन
मख़मली घास की सेज पर गीत गाते दिन
सूरज के जूते में फीता बाँधते दिन
या पीछे से हाथों से आँखें मूँदता दिन
भरी दुपहरी में सरसराता दिन
लोहित आकाश में क़नात फैलाए दिन
सूरज को परदेस भेजकर सुबक रहा दिन
ढलने की पारी से लड़ रहा दिन
चाँद के चेहरे पर क्रीम लगाकर लौट आना दिन
चिड़ियों की चहक में फूलों की महक में
प्रभाती से आकाश से पाताल से
दसों दिशाओं से ऋतुओं से
नक्षत्रों से पक्षों से
मास-पहर और सातों घोड़े से कह दो
कि सूरज के संग रोमांस करने का वक़्त हो गया है।








