नींव का पत्थर - अरुण श्री

अरुण श्रीअरुण श्री29 Sept 1983

5 min read · 12.4K reads

सुनो राजन ! तुम्हे राजा बनाया है हमीं ने।
और अब हम ही खड़े है -
हाथ बाँधे,
सर झुकाए,
सामने अट्टालिकाओं के तुम्हारे।

तुम -
हमारी सभ्यता के स्वघोषित आराध्य बनकर
जिस अटारी पर खड़े हो,
जिन कंगूरों पर तुम्हारे नाम का झंडा गड़ा है,
उस महल की नींव देखो -
क्षत-विक्षत लाशें पड़ी है,
हम निरीहों के अधूरे ख्वाहिशों की।
और दीवारें बनी है ईंट से हैवानियत की।

खत्म जादू हो गया जादू भरे सम्बोधनों का -
दब गई चीत्कार सब कुचले हुओं की।
अट्टाहासों से तुम्हारे हार माने -
सिसकियाँ, आहें सभी हारे हुओं की।

तुम्हारी वासनाओं के भरे भंडार सारे
भूख हम सब की तुम्हें दिखती नहीं है।

सिसकियाँ तुम सुन न पाए
अब मेरी हुंकार देखो,
आँख से झरता हुआ अंगार देखो।
मैं उठा तो फिर कहाँ रोके रुकूँगा।

एक दिन मैं नींव का पत्थर कंगूरों तक चढूँगा।
अरुण श्री
About the poet

अरुण श्री

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like