झारखंड की काली लड़कियों के लिए
ऐ काली लड़की
दिल्ली जाने से पहले
तुम देख लो
मुहम्मद अली के मुक्के
गैब्रिएला सबातिनि के शॉट्स और सर्विस
विलियम बहनों की हुंकार
बोल्ट की तेज़ी
या फिर ब्रायन लारा के
टेस्ट क्रिकेट में 400 रन के रिकार्ड
जो अब तक टूटे नहीं हैं।
तुम पढ़ लो
माया एंजेलो की कविताएँ या
ऑक्टेविया बटलर का उपन्यास 'डॉन'
जो करती है नई सुबह का आह्वान
या राल्फ़ एलिसन के 'इनविजिबल मैन' को
ताकि अपने भीतर गढ़ो एक नया चरित्र जो
कालेपन से डरे नहीं, ख़ुद को कोसे नहीं।
ख़ुद को काले होने के लिए कोसने से पहले
तुम पढ़ लो मार्टिन लूथर किंग की जीवनी
और फिर बराक ओबामा के संघर्ष को
तुम्हारा डर और अवसाद
बन जाएगी तुम्हारी ताक़त
जिस क्षण तुम उदास रहो
अपने कालेपन को लेकर
तुम सुन लो बॉब डिडले की धुन
थिरक लो और मन की गाँठ को
खोल दो अपने लंबे केश के साथ
और करो नृत्य थक जाने तक
देखना जागेगा
तुम्हारे भीतर एक नया सूर्य
सच कहूँ
झारखंड के कालेपन में है
संघर्षशील चरित्र
गर्व करना सीखो इस पर।








