इतनी घनी बारिश हो रही है
ख़ूब घने केशों जैसी बारिश
ख़ूब काली रात भारी रात
सफ़ेद फूलों को रौंदती
इतनी घनी कि सब कुछ
भूलता जा रहा हूँ
यह भी कि कल एक चाँद था
और परसों कुछ तारे
इतनी घनी कि नहीं कहीं
तड़ित की कौंध न हवा
इतनी घनी बारिश कि पोखर का जल
छटपट
घनी गाँजे के धुएँ-सी
इतनी कि भूलता जा रहा
यह भी कि एक चाँद था
और कुछ तारे थे
और मेरे बिस्तर पर पाँव मोड़े
वह स्त्री जो बादल थी कल तक
सब कुछ बिसरता जा रहा
पसरती है मलहम की गंध।








