सरयू किनारे
इस तरफ़
नहा रही थी
एक युवती
तट की दूसरी ओर
जल रहा था एक शव
दोहरी घाट की युवती
दुहरी हुई जा रही थी
हँसी, शर्म और मादकता के
मणिकांचन में
बड़हलगंज का वृद्ध
जल रहा था
इस ओर
मसान पर दिए जा रहे थे मशविरे
ईश्वर जल रहे थे
जल के इस भाग्य से
जहाँ सुंदरता और मृत्यु
आमने-सामने थी
ईश्वर उलझे रहते हैं
नश्वरता और अमरता के बीच
धरती और स्वर्ग के बीच,
तभी एक नदी बिछकर
धरती पर
दूर कर देती है
बँटवारे को हरदम तत्पर
मनुष्यों की उलझन
सीमांकित हो जाते हैं जिससे
दो शहर, दो ज़िले तो कभी दो देश
जैसे
सरयू बाँट रही हैं यहाँ
गोरखपुर और मऊ को
ईश्वर को भी याद आती है
तभी कोई वैतरणी।








