बची रहेगी उम्मीद

अर्चना लार्कअर्चना लार्क7 Sept 1988

2 min read · 12.4K reads

एक रोज़ ख़त्म हो जाएँगी

अधूरी इच्छाएँ भी

जो रोज़ सुबह गिलहरी के पंजे से तिनका भर छूट जाती है

कौवे की काँव में गूँजती चार दिशाओं का फेरा लगाती है

उस परिंदे की तरह जो मौसम के साथ चले जाते हैं बहुत दूर

बन जाते हैं प्रवासी

जिस रोज़ वे लौटते हैं अपने घर की तरफ़

ज़रूरी नहीं उनके साथ उनका मन भी लौटता हो

बचे रह जाते हैं राह जोहते उनके अपने

सब नष्ट होता दिखता है पर होता नहीं

पंख झड़ गए से मालूम होते हैं

दुनिया घूमना भी

अधूरी इच्छाओं में शामिल पहली इच्छा हो सकती है

एक ग़रीब के लिए घर की छप्पर

बच्चे के लिए खिलौना

बुज़ुर्गों के लिए

एक भरपूर जीवन की

तलाश

एक बच्ची का अस्तित्व!

लेकिन क्या ये कभी पूरी नहीं होतीं!

हे प्रकृति!

माफ़ करना

जब नीम का पेड़ बुलाए तो कहना मानव खो गया है

दवाओं की फिरौती कर रहा

साँसें ख़रीद से बाहर हो गई हैं

जो बचे हैं वे अपने-अपने सपने में व्यस्त हैं

कोयल कूक रही है

हवा चल रही है गिलहरी आ गई है

आ गई है एक-एक कर कई यादें

कहीं दूर से किसी बच्चे को पुकारा जा रहा है

स्कूल के बीच टिफ़िन की महक

माँ का लुढ़का हुआ आँसू

परीक्षा और अधूरा नंबर

करियर और बड़ा पद

बच्चे की ऊऊऊऊऊ की गूँज

दीवाली के मेले की होड़

बच्चों-बूढ़ों की लड़ाई के बीच गट्टे की थैली

जलेबी की चाशनी

सोने की घड़ी सिर्फ़ पाँच रुपए में

मेले में मुँहमाँगी मुराद पूरी हो रही है

हैरानी पसर गई है

सच है या सपना

खिलखिलाते चेहरे

जगमगाते शब्द

इन सबके बीच सब क्या नष्ट हो जाएगा!

क्या यादों के एलबम में रहेंगे सिर्फ़ अधूरे चित्र!

हर मौसम न जाने कितने बच्चे, बूढ़े, जवान चले जाते हैं

चुक जाती हैं उनके साथ उनसे जुड़ी अपेक्षा

तो क्या अपेक्षा फिर नहीं उपजती!

कई पक्षी बूढ़े होकर मरते हैं

उनके परिजन ज़रूर शामिल होंगे

एक जीवन के अंत में एक परिजन बचे ही रहेंगे

और बची रहेगी तमाम उम्मीद

अधूरी इच्छाओं की लय में शामिल

दूर प्रदेश में उपज रही होंगी तमाम विखंडित इच्छाएँ

पूरेपन की आस में

जीवन का एक अंश करुण

एक मृदु

एक इच्छा में विलीन नहीं हुआ करता जीवन

जीवन की खोज में

कुछ अधूरा पूरा भी तो होता है

शनै: शनैः शनै:..!

अर्चना लार्क
About the poet

अर्चना लार्क

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like