लड़की और औरत - अर्चना कुमारी

अर्चना कुमारीअर्चना कुमारी27 Sept 1984

5 min read · 12.4K reads

तुम...
सवाल लड़की से करते हो
जबाब औरत देती है

लड़की के पास जिद थी
औरत के पास ज़द है

लड़की के पास पंख थे,आसमान था
औरत के पास पैर हैं,धरती है

लड़की के पास सपने थे
औरत के पास आँखें हैं

लड़की बोलती/हँसती ज्यादा थी
औरत मुस्कुराती है बन्द होठों से

लड़की उकेरा करती थी इश्क़
औरत मिटाती है अपना अक्स

लड़की के पास सवाल थे/कलम थी
औरत के पास कागज़ और स्याही है

लड़की रंगती थी लम्बे नाखून हरे रंग से
औरत कुरेदती है अँगूठे से पाँव के नीचे की जमीं

लड़की पालती है औरत
औरत गाड़ देती है लड़की पाताल में

लड़की हल्की थी वज़न के हर तराज़ू पर
औरत भारी है बिना तौल ही

लड़की फूँकती थी स्याह/बिखरते थे रंग
औरत बिखेरती है रंग/समेटती है स्याह

लड़की संवलाई सुरमयी खुशनुमा मन्नत थी
औरत शीशमहल सी जन्नत है

तुम सवाल बचाए रखना...
लड़की बचाए रखेगी औरत

हर बात पर टोकने की बुरी आदत है
बोलती हैं इतना भी कहीं औरत॥
अर्चना कुमारी
About the poet

अर्चना कुमारी

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like