आँकड़ों का सच

अरविंद चतुर्वेदअरविंद चतुर्वेद6 Mar 1958

1 min read · 12.4K reads

पिछले साल से इस साल

पैंतीस बलात्कार कम हुए

यानी बर्बरता कम हुई है

और सभ्यता की ओर अग्रसर हुआ है नगर

जीने के अनुकूल परिस्थितियाँ बनाने में कामयाबी मिली है

और जीने की इच्छा भी मज़बूत हुई है लोगों की

क्योंकि आत्महत्या करने वालों की तादाद

इस साल चालीस कम है

हत्याओं की तादाद भी पिछली बार से घटकर

आधी से कुछ ही ज़्यादा है

यानी क्रूरता में पर्याप्त गिरावट आई है

ये आँकड़े सभ्य नागरिकों के भरोसे के लिए हैं

और दुर्घटनाओं की जानकारी सहानुभूति के लिए

हालाँकि सभ्यता के विकास में

हमारी कार्रवाइयों के बावजूद

इस साल भी लोग दुर्घटनाओं के शिकार हुए हैं

और उनके दुर्भाग्य पर हमें अफ़सोस है बहुत

लेकिन हमें संतोष करना चाहिए कि

आँकड़ों का सच सभ्यता के साथ है

सभ्यता का तक़ाज़ा है कि

ज़िम्मेदार नागरिक का एक पाँव भरोसे पर

और दूसरा सहानुभूति पर टिका रहे।

अरविंद चतुर्वेद
About the poet

अरविंद चतुर्वेद

सुपरिचित कवि-लेखक और अनुवादक। संपादन और पत्रकारिता से संबद्ध। मूल नाम : अरविंद चतुर्वेद जन्म : 06/03/1958 | सोनभद्र, उत्तर प्रदेश

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like