है तो मिट्टी की ही मूरत
कच्ची मिट्टी की।
उम्र की धूप में तपी
दु:खों की आँच में पकी
है तो मिट्टी की ही मूरत!
यह आपका है प्यार
कि लगता है
रंग-रोगन लगने से आया है
इसमें निखार
वरना क्या है कि
एक ठोकर में टूट सकती है यह
या गलना ही है इसे
किसी के आँसुओं में भीगकर
है तो मिट्टी की ही मूरत
कच्ची मिट्टी की।
इसके बाहर भी है क्या कोई अमरता!








