ख़िलजी का इश्क़

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

औरतों से ऊब गया अलाउद्दीन ख़िलजी

उसने जब मलिक काफ़ूर को

पहली बार बाज़ार में बिकते देखा

उसकी ऊब ने उसे इश्क़ का शिकार बना दिया

काफ़ूर का लोहे-सा बदन और उसकी पसीने की गंध

ख़िलजी के भीतर एक औरत को ज़िंदा करती

हर शाम जब ख़िलजी

जब ख़ूब नशे में होता

घाघरा और चोलियाँ पहन लिया करता

औरतों के कपड़ों में ख़िलजी का गोरा और छरहरा बदन ख़ूब फबता था

आँखों के काले सुरमों को काजल से और

कान के मोटे कुंडलों को बालियों से बदलता

पलकें भी नाज़ो-अदा से उठाने की कोशिश करता

काफ़ूर जंगी आदमी था

उसे बिस्तर से ज़्यादा घोड़े की पीठ

और जंग के मैदान पसंद थे

काफ़ूर से मिलने से पहले ख़िलजी के शौक़ भी

कुछ इसी तरह के हुआ करते थे

आजकल कजरियाँ गुनगुनाता था ख़िलजी

याद पिया की आए हाय...

इश्क़ में गिरफ़्तार ख़िलजी की साँसें धौंकनी-सी हो जातीं

जब मलिक काफ़ूर के घोड़े की टापें महल में लश्कर के साथ पड़तीं

हिंदुस्तान के तमाम इलाक़ों को जीतने की ख़्वाहिशें ख़िलजी ने

मालिक के कानों में फुसफुसाते हुए ज़ाहिर की थीं

मलिक भी अपने माशूक़ मालिक की हर ख़्वाहिश

उसके बिस्तर पर लाकर देता रहा

अलाउद्दीन ख़िलजी की एक इंसानी आदत थी

वह ऊब जाता था

वह ऊब कर ग़श खा गया

एक रोज़ जब उसने पद्मिनी को देखा

मलिक काफ़ूर ने पद्मिनी को तबाह कर दिया

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like