ब्रह्म सत्यम

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

मैं सोना चाहती थी

सोने नहीं दिया गया

दरवाज़ा खड़कता रहा

फ़ोन की घंटी बजती रही

लोग अचानक याद आ गए संदेशे भेजते रहे

धूल भी एक सायरन की तरह चीख़ती हुई दर्ज हो रही थी घर में

जबकि मेरे जागे रहने की दरकार नहीं थी

दुनिया में समूची घृणा प्रबंध और लूट

बिना किसी हस्तक्षेप कार्यांवित हो रहे थे

जहाँ मैं दिख रही थी

वहाँ भी एक पेपर क्लिप की तरह नगण्य थी

फिर भी लोग चाहते थे मेरा जगा रहना

भारी पलकों से

सबको खाना खाते चाय सुड़कते देखती रही

मेरी भूख पर नींद हावी थी

वाॅशिंग मशीन में बदरंग कपड़े भरती निकालती रही

जबकि दुनिया मुद्रा-स्फीति की दामी केंचुल बदल रही थी

यों तमाम बरस जबरन आँखें खुली रखने के बाद भी

आरोप है कि चेतना सोई रही मेरी

जैसे अंतरात्मा और ज़मीर सोए रहते हैं

खुली आँखें देखकर भी ईश्वर ने पूछा अक्सर

सो गईं क्या?

ईश्वर, जो सचमुच जाग गई तो ज़मीर बेच दूँगी औने-पौने

फ़ोन उठाने संदेशे पढ़ने शुरू कर दूँगी

दरवाज़ा खोल कर देखूँगी कि

घंटी बजाने वाला आख़िर चाहता क्या है

सोने दो मुझे

क्योंकि बाज़ार भी चाहता है

सोया रहे विवेक

खुली रहें आँखें।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like