सन् 1800 की बागान औरतें

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

काली औरतें

जंगल, पहाड़, समुद्र और कोयले में भी पाई जाती थीं

उगाई जातीं लुइविल और केंटुकी में

तोड़ कर बेच दी जातीं क्यूबा और त्रिनिदाद में

वहाँ भी जन्म लेतीं जहाँ मिट्टी सिर्फ़ सफ़ेद रंग पैदा कर सकती है

जबकि वे धमनियों में बहता लाल रक्त कण थीं

क्योंकि सफ़ेद रक्त कणों की तरह लड़ना नहीं जानतीं थीं

साँवली मछलियों-सी

ओहायो में फिसलकर गिरती थीं मनुष्यता के साथ

रक्तहीन पाँवों से चलती आतीं

दुनिया की काली रेत पर

बिना छोड़े निशान काले इतिहास में

एक दिन ज़मीन पर रहना सीख गईं

पकातीं, खातीं, बच्चे जनतीं

झगड़तीं, हँसतीं

गृहस्थिन हो जातीं

दुनिया नहीं भूली उनका मछली होना

तलकर, भूनकर, सुखाकर खाया

बिल्लियाँ छीन ले गईं अधबीच

उक़ाब लहरों की पीठ से झपट ले गए

मछुआरों ने छोड़ दिया दलदल में मरने

फिर भी हम चाहते रहे बनी रहें हमारे बीच

बनी रहें गोरी औरतों के नज़रबट्टू-सी

ग़लाज़त के प्रति सहनशील

दुनिया के पिछवाड़े बने घूरे-सी विनम्र

वे नाचना जानती थीं

क्या ख़ूब नाचती थीं

यह हम जानते थे

बहुत ख़ूब जानते थे

क्योंकि उनके नृत्य में नहीं देखते थे कला या नफ़ासत

हमारी काली करतूतें देखती थीं

एक अश्वेत कमनीय देह

आंदोलित अकथ पीड़ा से जिसे नृत्य कहते हैं।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like