ईश्वर नहीं नींद चाहिए

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

औरतों को ईश्वर नहीं

आशिक़ नहीं

रूखे-फीके लोग चाहिए आस-पास

जो लेटते ही बत्ती बुझा दें अनायास

चादर ओढ़ लें सिर तक

नाक बजाने लगें तुरंत

नज़दीक मत जाना

बसों, ट्रामों और कुर्सियों में बैठी औरतों के

उन्हें तुम्हारी नहीं

नींद की ज़रूरत है

उनकी नींद टूट गई है सृष्टि के आरंभ से

कंदराओं और अट्टालिकाओं में जाग रही हैं वे

कि उनकी आँख लगते ही

पुरुष शिकार न हो जाएँ

बनैले पशुओं

इंसानी घातों के

वे जूझती रही यौवन में नींद

बुढ़ापे में अनिद्रा से

नींद ही वह क़ीमत है

जो उन्होंने प्रेम, परिणय, संतति

कुछ भी पाने के एवज़ में चुकाई

सोने दो उन्हें पीठ फेर आज की रात

आज साथ भर दुलार से पहले

आँख भर नींद चाहिए उन्हें।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like