अभी-अभी तुमसे बात करके
पता चला कि
जंगल कितना पास आ गया मेरे
कितनी सुगंधित हो गई जंगली फूलों की गंध
अभी-अभी मुझे पता चला मेरे हाथ जो रीते थे
अमूल्य वस्तुओं से भर गए
उनमें तुम्हारा प्रेम जो है
अभी-अभी पानी का रंग और चमकीला लगने लगा
और पेड़ से गिरे ज़र्द पत्तों में भी दिखने लगी चमक
जिन सड़को पर यूँ ही सफ़र कर रही थी
वो महज़ सड़कें ही नहीं थी
अभी-अभी मुझे पता चला कि
जिसके वज़ूद को लोग नकार देते थे
उसका भी होना बहुत कुछ है पृथ्वी पर
और अभी-अभी मुझे लगा कि तुम जो
इतने दूर हो
दूर नहीं मेरे अंदर ही हो।








