मुझे मरने की जल्दी नहीं
और न ही मरने से पहले
दान-पुण्य करने की!
लोग कहते हैं दान-पुण्य करने से
लोग स्वर्ग को जाते हैं
वहाँ आसमान में अप्सराएँ हैं
और परियों का झुंड भी
जो आसमान को मनमोहक बनाती
अपने नाच से!
मैं सोचती हूँ
मर्दों के लिए
कितना इंतज़ाम किया जा चुका है
लेकिन औरतें!
हर लोक मे नाच रही हैं
मर्दों के जीवन से मरन
और मरन के बाद के बाद भी
औरतों का काम मर्दों के लिए
नाचना ही रखा गया है
फिर मैं ठहरी औरत जात
ख़ामख़्वाह क्यों मरू
मैं हर तरफ़ औरतों के नाचने से दुःखी हूँ
मुझे नाच रही औरतों के
फटे ख़ूनी तलवे दिख रहे
दर्द से कराहती रीढ़ की हड्डियों
और पसलियों की तकलीफ़ दिख रही...!
और मुझे मरने से डर लगता
परी और अप्सरा बनने से डर लगता है
या यूँ कहें नाचने और नाचते रहने से डर लगता है
और मर्द नाच देख रहे हैं
नाच मे कमियाँ और ख़ूबियाँ देख रहे हैं
उन्हें ऊपर हो या नीचे
एक औरत दिख रही है
और मुझे मर्द के आँख में
नाच दिख रहा है
और अगर नाचना इतना अनिवार्य है
तो मैं आराम से मरूँगी
एक दम आराम से
कि जब तक मुकम्मल
दुनिया की चाह में
बनी रहूँ।








