मैं निकलता हूँ रोज़ घर से
अपने चेहरे पर लगाकर कई चेहरे
गली में खेलते बच्चों को देखकर
मैं उनके हाथ से बल्ला लेता हूँ
और एक ऊँचा शॉट लगाकर
विजयी भाव से देखता हूँ
रिक्शेवाले को कई बार
मेरी दरियादिली का गुणगान करते देख सकते हैं आप
किस तरह वह बताता है अपने साथियों को
कि आज भी साहब ने
किराए से दस रुपए ज़्यादा दिए
दफ़्तर में मेरे नीचे काम करने वाले कर्मचारी
आपस में बात करते हैं कि मैं कितना खड़ूस हूँ
मैं चीख़ता-चिल्लाता रहता हूँ उन पर
जब वे अपना काम तरीक़े से नहीं करते
वे आपस में खुसफुसाहट करते हुए मुझे
बॉस के कुत्ते की उपाधि से अलंकृत करते हैं
बॉस मुझे एक शरीफ़ और ईमानदार आदमी समझता है
वह कई बार मेरे लिए अलग से पैसे भी देता है
औरयूँ ही मेरे कर्तव्यपरायण बने रहने की कामना करता है
घर पर मेरी पत्नी से मेरी खिट-पिट रहती है
वह कई बार मेरे साथ सिनेमा जाने को कहती है
जिसे मैं सहर्ष ही नकार देता हूँ
वह मुझे दुनिया का सबसे नाकारा आदमी समझती है
मैं आज तक नहीं समझ पाया कि मैं कौन हूँ
शरारती बच्चा, दरियादिल इंसान, खड़ूस अधिकारी,
बॉस का कुत्ता या नाकारा पति








