मेरे जीवन में दुख
इतवार की तरह कभी नहीं आए
एक छुट्टी की तरह मुस्कान लिए
एक हल्की धौल के साथ
वे हमेशा आते रहे सोमवार को
और हफ़्ते के आख़िरी दिन तक बने रहे
हफ़्ते भर जिनका इंतज़ार किया
वे कभी नहीं आए इतवार को
वे जिनसे रोज़-रोज़
ढूँढ़ते रहे बचने का बहाना
वे हमेशा आ धमके ऐन इतवार के दिन
वे जिनको ढूँढ़ने चला
कभी नहीं मिले
बचपन से जवानी तक
और जिनसे उम्मीद नहीं थी
कि कभी मिलेंगे
वे चले आए
सभी वर्जनाओं को तोड़ते
इतवार को
इस इतवार ने बहुत सताया है मुझे
मैंने हर बार चाहा
कि बहुत कुछ मेरे जीवन में
इतवार की तरह हो
परंतु वह सोमवार या मंगलवार की तरह होता रहा
दुख के सबसे चरम पर पहुँचता रहा कभी तो
बिल्कुल बुधवार की तरह
और कीभी-कभी तो ऐसा हुआ
कि जब लगने लगा
अब अंत होने वाला है
ठीक तभी इतवार के दिन
वह अपनी पूरी शक्ति के साथ आ धमका
रिसता हुआ
दुखता हुआ
डराता हुआ
वह इतवार ही था या कुछ और
मैं नहीं जान सका
वह इतवार होने की कगार पर
सोमवार हो गया
और मैं!
मैं गिनने लगा
छह और दिन








