माँएँ

अंकुश कुमारअंकुश कुमार8 Jul 1994

1 min read · 12.4K reads

मैं अपने दोस्तों से मिलकर ख़ुश होता हूँ

और उनके साथ करता हूँ बात घंटों तक फ़ोन पर

पिताजी के साथ उनके दोस्त आते हैं कई बार दफ़्तर से

गली-मोहल्ले के यार-दोस्त

कॉलेज के दिनों के दोस्त भी अक्सर आते रहे हैं घर

उन सबसे मिलते हुए मैं अक्सर

माँ की सहेलियों के बारे में सोचता हूँ

कहाँ होंगी वे सहेलियाँ जिनके संग माँ जाती होगी स्कूल

खेला होगा खो-खो और स्टापू

किसी फ़िल्मी हीरो के सपने जिनके संग देखे होंगे

गली-मोहल्ले की ज़्यादातर औरतें

माँ को दीदी बोलती हैं

क्योंकि माँ उन सबसे बड़ी है उम्र में

मैं तब सोचता हूँ जब माँ की सहेलियाँ

बुलाती होंगी माँ को नाम से

तब कैसे दौड़ पड़ती होगी वह

लेकिन न जाने कब से वह तरस गई है

किसी पुराने परिचित से

अपना नाम सुनने को

मैं ये सब सोचता हूँ हर बार माँ के लिए

और उदास होता हूँ

माँ हालाँकि उस उदासी से उबर गई है

जब वह उन्नीस बरस की आयु में

अपनी सहेलियों से दूर हो गई थी

राखी पर मामा के घर जाते समय

माँ हर बार लौट आती है अगले ही दिन

और तब मुझे बस यही लगता है कि

हर बार माँओं की ही क्यों लौटना पड़ता है

इस मर्यादा के साथ कि

जाओ अब वही है तुम्हारा घर

अंकुश कुमार
About the poet

अंकुश कुमार

नई पीढ़ी के कवि-गद्यकार। 'हिंदीनामा' के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : अंकुश कुमार जन्म : 08/07/1994 | बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर ज़िले के छोटे से गाँव परतापुर से संबंध रखने वाले अंकुश कुमार साहित्य के प्रचार-प्रसार में बेहद सक्रिय संस्था 'हिंद…

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like