अकेलापन

अनिल कुमार सिंहअनिल कुमार सिंह25 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

अकेलापन एक खाई है

खुदी हुई मेरे घर के चारों ओर

जिसे बनाया है मेरे दोस्तों ने

मेरी इच्छा से

पहले उस पर एक पुल था

जिसकी नींव में जगी हुई थी

प्यार और विश्वास की मज़बूत ईंटें

उसे मैंने बनाया था

मैं बहुत निश्चिंतता से उसे पार करता था

और लौट आता था

रात होने के पहले

फिर कुछ ऐसा हुआ कि

मेरे सपने में आने लगा पुल

पानी की लहरों पर थरथराता हुआ

अपनी परछाईं की तरह और

एक लंबी चीख़ के बाद की

जड़ स्तब्धता ने भर दिया

मेरे एकांत को

मैं जागता था और काँपता था

मेरे घर की दीवारें काँपती थीं

मेरी डायरी में दुबके शब्द काँपते थे

वह पुल जो हमारी ज़रूरतों की

तरह ठोस था

खोखला हो रहा था धीरे-धीरे

उसके पार ‘शबो रोज़ होता था तमाशा'

दुम के साथ पिछाड़ी हिलाते आते थे जिसके पात्र

आँखें नीचे गिराए और

कतराकर उस पार ही रह जाते थे।

अनिल कुमार सिंह
About the poet

अनिल कुमार सिंह

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like