कहारिन

अनिल जनविजयअनिल जनविजय28 Sept 1957

1 min read · 12.4K reads

वह कहारिन

काली लड़की

बहुत सुंदर है

पानी भरते, बरतन मलते

काली लड़की

गीत कोई गुनगुनाती है

मुँडेर पर एक कोयल ठहर जाती है

छोटा कोठा, बड़ा कोठा

रसोईघर, कोठार, आँगन बुहारती है

काली लड़की

दुत-दुत कुत्ते को दुतकारती है

खिड़की में गिलहरी एक फुतकारती है

नीले-लाल, पीले-हरे, काले और सफ़ेद

निकर, धोती, ब्लाउज़, पैंट, क़मीज़, चादर, खेस

कपड़ों को कूटती है

काली लड़की

चिनगी बन भीतर-भीतर

धीरे-धीरे, चटक-चटक फूटती है

नेवले-सी चुपचाप साँपों को ढूँढ़ती है

बहुत सुंदर है

वह कहारिन

एक कोयल

गिलहरी

नेवले-सी

काली लड़की।

अनिल जनविजय
About the poet

अनिल जनविजय

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like