आइने के सामने बाल बाँधते हुए
तुमने आँखें उठा कर मेरे चेहरे पर धर दीं
मैंने गहरा कश लेते हुए सोचा कि
इतने विचारों के बीच मैं अपना रास्ता कैसे खोजूँगा
देर शाम तुम मेरे नाखूनों पर फ़िफ़्थ सिमफ़नी
बजाती रही और मेरी देह में ही एक कवि और एक प्रेमी
गृहयुद्ध करते रहे। कवि की देह भार हीन होती है, एक कवि ने
मुझसे कहा और यह बताना भूल गया कि प्रेमी की बहुत भारी।
तुम्हारी जीभ छूए दिन बीते, कई तुम्हारे कान चूमे,
अरसा हो गया भारी भीड़ में बाहों में भरे भी
मैं बुरा आदमी हूँ, मैंने कहा और किसी से नहीं अनसुना किया,
देखता कोई कि एक पंक्ति के लिए ढोए कितने सलीब।








