स्कूल के सहपाठियों की याद में

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

मेरे दिमाग़ में बहुत गहरे कहीं दबी हुई उन सहपाठियों की स्मृति है

जिनकी आक्रामकता का छटाँक भर भी अगर मेरे भीतर होता तो

दुनिया मुझसे बहुत प्यार करती।

वे कोई हिंसा के हितैषी नहीं थे, हत्यारे तो बेशक नहीं।

लेकिन सफलता की एक घूँट के लिए कुछ भी कर गुज़रते

इसमें तनिक भी संदेह इतने बरस बाद भी नहीं होता।

मानव विकास प्रक्रिया की जैविकी के विस्तृत पाठों की मिथ्या चेतना

लिए ही मेरी पीढ़ी का कोई व्यक्ति कविता तक आ सकता है

इसीलिए मेरे सहपाठियों में जो अकेला कवि हुआ वह अभिनेता भी बना।

जीत जाने की ख़्वाहिश नैसर्गिक बगीचे की तरह फैली हुई लगी

जिस तरह परिवार के उजाड़ में,

जिस तरह पटना से दिल्ली तक कविता की गैलरियों में,

मैं जहाँ भी गया अपने सहपाठियों से ही मिलता रहा बार-बार।

जो हारना चाहते थे एक बार कम से कम

भले ही एक व्यर्थ स्वप्न का संधान करते,

किधर गए?

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like