प्रथम-प्रणय

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

 

डी. एच. लॉरेंस को समर्पित

तुम्हारा चेहरा भूल गया, 
भूल गया तुम्हारा शीतल स्पर्श, 
वह कश्ती भूल गया, जो तुम्हारे 
उन्नत भूरे पहाड़ों के बीच ठहरती थी 
छूते ही खाती थी हिचकोले, और 
गंधा जाते थे मेरे चुंबन। 

शरद की पूर्णिमा थी 
साल की आख़िरी रात थी 
मेरी हथेलियाँ लथपथ पसीने से 
तुम्हारी आवाज़ सब आदिम ध्वनियों से लैस।  

हमेशा सोचता हूँ तुम्हारे बारे में देर रात। 
घास जब चुभती थी तुम्हारी कमर पर,
शाम तिकोनी टिकी होती शहर के अजनबीपन पर। 

तुम्हारे होंठ पतले थे, तुम्हारे चुंबन 
तुम्हारी गंध से भरे हुए, 

कैसे तुमको भूल भूल जाता हूँ दो-दो साल 
और फिर कैसे याद आ जाती हो अब भी तुम
कैसे अभी भी जीभ पर खारा स्वाद आ अटकता है। 

एक बूढ़ा कवि सोचता है, 
जो अब पहाड़ भूल चुका है, 
जो इतने दिन रेगिस्तान में रहा कि 
समंदर भूल गया,  

तुमने तब किया मुझसे प्रेम, 
जब मेरे पास देने के लिए आधी पंक्ति भी नहीं थी। 

 
अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like