जल के लिए

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

अठारह की उमर में

अगर बारिश में नहीं भींग पाता

प्रेम कैसे करता

एक नदी के किनारे

बीती नहीं होतीं कनैल जैसी शामें

कविता कैसे करता

अगर पोखरे नहीं होते

और उनकी जगह पर पक्के तलों वाले कृत्रिम पूल,

कैसे जानता मिट्टी—

खो जाएगा कितना कुछ दुनिया से

स्मृतियाँ भी बचेंगी कितने दिन—

कवि, सिर्फ़ अख़बारों में हो रही है बारिश

मर रही है शहर से गुज़रते हुए नदी

तालाबों के तलों में भरे जा रहे हैं पत्थर

कवि, नहीं रहा दुनिया में जल

तो क्या छुपाओगे आँखों के पीछे

कवि, क्या धरोगे कविता में।

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like