लॉर्ड बायरन और अल्बेयर कामू को समर्पित
यह वह कविता है जो तुमको उस कवि की तरफ़ वापस ले जाएगी
जो कहीं बहुत पीछे छूट गया है और
अपनी जड़ता के पेड़ के नीचे अकेला बैठा हुआ है।
वहाँ सुंदरता नहीं है, ना उसका मोह,
एक गहरी साफ़ झील और उसका प्रतिबिंब झिलमिलाता उसकी पुतलियों में,
देह के उत्सव से होने की फेरबदल।
एक कवि की अपने आप से जुगुप्सा, से जोड़ना
ख़ुद को, अपने आप को कम करना है।
मुक्त करो ख़ुद को उन असंगतियों से
जो कविता जीवन में लेकर आती है।
मुखौटों से भरी दुनिया में रह कर तुमको क्या मिलेगा तुम जानती हो
घर की इच्छा और निष्ठा का दान इधर खोजना बेकार है
जैसे पतियों से कवियों को बदलने की कोशिश।
पतियों के प्रेम की चाह हो तो इधर मत आना
इधर मत आना अगर जीवित होने का दुःख तुमको नहीं सताता
तुम उस रास्ते जाओ जिधर नदी है
तुम उस की ओर देखो जो तुम्हें,
सिर्फ़ तुम्हें देखता है।
अच्छी कविताओं में लिखे जाने की चाह हो तो पुरस्कृत कवियों के पास चली जाओ।
सुख की इच्छा हो तो व्यापारियों से प्रेम करो।
यहाँ तुमको अपमान मिलेगा प्रेम के बदले
विष के प्याले मिलेंगे और सबूतों की माँग
एक अनंत चक्र जो सिर्फ़ तुम्हारा मांस खाएगा।
जो वर्जित है वही धरा है यहाँ—मत आना,
सब भूल जाना।








