एक साधारण बातचीत का प्रलोभन

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

जैसे

एक स्त्री के ऑर्गेज्मिक अभिनय को

अपने पुरुषत्व की ख़ातिर अनगिनत बार अनदेखा करते हुए

कमज़ोर घुटनों के काल में कई बार

मोहब्बत की पींगे भरी जा सकती हैं

असंख्य सरलीकरण आदमी खेल खेल में कर देता है।

सोचता हूँ कितना कुछ बदल गया देश में

तुम्हारे जाने के बाद से अब तक

कि साम्यवाद और थोड़ी दूर चला गया

कि अस्मिता थोड़ी और पैवस्त हो गई

कि सेक्स थोड़ा और रूटीन लगने लगा

और कविता थोड़ी और कृत्रिम

और कवि अत्यधिक उत्सवधर्मी

एक लंबी बातचीत की इच्छा

किसी फ़िल्म की नक़ल की तरह नहीं

तुम्हारी काली शर्ट के दो बटनों के बीच झाँकते हुए

चाहना एक बार तुमसे कहना कि बेइंतहा मोहब्बत है।

जीवन के अथाह प्रलोभन की तरह

एक धीरे-धीरे टूट रहे चुंबन की तरह

जबरन बनाई गई उदात्तता के जैसे नहीं

और वैसे तो बिलकुल नहीं

जैसे पुरुष संभोग के बाद

कमज़ोर महसूस करते हुए मातृत्व की आकांक्षा में

प्रेमिकाओं से कह देते हैं।

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like