बूढ़े होते हुए

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

तुम्हारे हाथों की झुर्रियाँ और मेरी दाढ़ी के सफ़ेद केश—

हम ख़र्च कर रहे हैं धीरे-धीरे अपनी सब कविताएँ।

मेरे घुटने पर तुम्हारी कोहुनी टिकी हुई और मेरी नीली क़मीज़ों से तुम्हारा चिढ़ना—

एक लय पर से उतर जाना और दूसरी पर सरक लेना।

हम समानांतर बहते हुए काठ के टुकड़े हैं नदी पर

छिटकते, भटक जाते और धारा के साथ साथ फिर

लौटते हुए एक-दूसरे की ओर।

बहता नहीं अब पहले की तरह, बदलाव भौंहों पर चिर उपस्थित—

डराता हुआ, भूल जाने का डर।

चीख़ता हूँ अभी भी अपनी सीमाओं पर, बूढ़े शरीर में

बस यही उतनी पुरानी हैं।

बीत गई रात की तरह मिलते हैं चुभते हुए अक्सर,

थकते हुए लद जाते हैं जहाँ हमारी देह खोज लेती है

अपने खाँचे।

हम भूख की तरह लगते हैं एक दूसरे को

हम अब भी नींद की तरह ठिठक जाते हैं।

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like