जुबिली ब्रिज

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

 

नैहाटी और बैंडेल स्टेशनों के बीच हुगली नदी पर बना रेलवे ब्रिज

हुगली नदी के दोनों किनारों को जोड़ता
एक सौ तीस वर्षों से खड़ा है
असंख्य यात्राओं का गवाह
यह पुराना और जर्जर जुबिली ब्रिज।

इसके समानांतर
इसकी जगह लेने को तैयार
शान से खड़ा है एक नया ब्रिज अनाम
जैसे बूढ़े पिता की जगह लेने
तैयार खड़ा हो एक युवक।

छुटपन में यात्राओं पर जाते हुए
खड़खड़ाते ब्रिज पर रेंगती रेलगाड़ी देखकर
रोमांचित हो जाते थे हम
हमारी यात्राओं के रोमांच में
हमेशा शामिल होता था यह पुराना ब्रिज।

जब इसे पार करती थी रेलगाड़ी
माँ अपने बटुए से निकालकर एक सिक्का
डाल देती थी नदी में
लेकर गंगा मैया का नाम
तब अक्सर सोचता था
कि नदी को उन सिक्कों से क्या काम
क्या ख़रीदती होगी 
वह अपने लिए कोई मनपसंद सामान?

रेलगाड़ी की यात्राओं से ज़्यादा आकर्षित करता 
हमें खड़खड़ाता ब्रिज
और उससे टकराती सिक्कों की खनक
जो संगीत की तरह गूँजती हमारे कानों में
जिसकी प्रतिध्वनि यात्राओं के बाद भी
करती हमें रोमांचित।

अब जबकि तैयार है एक नया ब्रिज
इस पुराने की जगह लेने
क्या सोचेगा वह पुराना ब्रिज
जब पूरे वेग से दौड़ेगी रेलगाड़ी
नए ब्रिज पर
पुराने को ठेंगा दिखाते हुए।

उस दिन लौटेगी ब्रिज की पुरानी स्मृतियाँ
उस दिन स्मृतियों की अँधेरी गुफा में
खो जाएगा वह सुनसान ब्रिज
उसके मौन सन्नाटे को तोड़ेगी
नए ब्रिज की खड़खड़ाहट
और सिक्कों की खनखनाहट
जिसकी प्रतिध्वनि उसे कर देगा बेचैन।

इस तेज़ भागते समय में
जबकि हमारी पुरानी स्मृतियाँ 
तेज़ी से हो रही हैं क्षीण
वर्तमान को एक अंधी रफ़्तार की ज़रूरत है 
अपनी लाचारी पर सिसकते हुए
निःसहाय बूढ़ा ब्रिज त्याग देगा अपने प्राण
उस दिन।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like