हमारा प्रेम तुम्हारी घृणा

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

तुम्हारी सारी चालाकियाँ

धरी की धरी रह जाएँगी

तुम देख लेना

हमारा प्रेम तुम्हारी घृणा पर भारी पड़ेगा

हम तुम्हारे नापाक दिवास्वप्नों में

बज्र की तरह आएँगे

हम तुम्हारे इरादों पर

प्रश्न की तरह आएँगे

तुम्हारे हाथों में हथियार होगा

हमारे हाथों में कविता

तुम्हारी ज़ुबान पर ज़हर होगा

हमारे हाथों में फूल

तब हाथों में हाथ डाले लोगों से

तुम्हें डर लगेगा

और उससे भी ज़्यादा

तुम्हें यहाँ की मूर्तियाँ डराएँगी

जानते हो बाबू!

हमारे शहर में मई की कड़कड़ाती धूप में भी

डंठलों पर दहकता है लाल-लाल पलाश

जब-जब हावड़ा ब्रिज से कोई नारा गूँजता है

हुगली झुक कर

उसे सलामी देती हुई गुज़रती है

एक बच्चे की कोमल मुस्कान पर

अभी भी ठहर जाता है हमारा शहर

देख लेना

तुम्हारे सारे समीकरणों को

बंगाल की खाड़ी के

किसी अँधेरे गर्त में जगह मिलेगी

तुम्हारे बोए चरस उगाने से

हमारी धरती अस्वीकार करती है

हमारा शहर तुम्हारी प्रयोगशाला बनने से इंकार करता है।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like