चुप्पी

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

चारों तरफ़ चुप्पियाँ थीं

सारे पेड़ चुप थे

जबकि उसके विरुद्ध तमाम साज़िशें थीं जारी

एक कोयल की कूक से टूटी ख़ामोशी

आकाश का सीना छलनी

फिर भी चुप्पियाँ तारी थीं

बदलों के लिए असहनीय थी यह स्थिति

गरज पड़ा बादल

पहाड़ चुप था

जबकि सैकड़ों ज़ख़्मों के निशान स्पष्ट थे

एक प्रेमी ने

अपनी प्रेमिका का नाम पुकारा ज़ोर से

पहाड़ बोलने लगा

सिकुड़ते तालाब की चुप्पी

तो एक बच्चे के लिए बिल्कुल असहनीय थी

उसने तालाब की तरफ़ एक कंकड़ उछाला

एक कंकड़ से काँप उठा तालाब

शहर, क़स्बों और गाँवों में

अब भी कुछ लोग थे

चुप्पियों के ख़िलाफ़

हवा में लहराती जिनकी मुट्ठियों की अनुगूँज

सत्ता के गलियारों तक पहुँच ही जाती थी

पर आश्चर्य है

तुम्हारी चुप्पी कभी क्यूँ नहीं टूटती?

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like