शेल्फ़ में छाटते हुए किताबें
अनपढ़ी कोई न कोई किताब दिख ही जाती है
अपनी उपेक्षा पर
पूछती हुई ढेरों सवाल
दिनों बाद जब कभी घर लौटता हूँ
मेरी अनुपस्थिति पर
गमलों में पड़े पौधों के चेहरों की उदासी
पढ़ी जा सकती है आसानी से
मेरे साथ अठखेलियाँ करती
छत की मुँडेर पर रोज़ बैठने वाली
चिड़ियों की आँखों की बेचैनी
अनकहे मेरी आँखों तक पहुँच ही जाती है
अनलिखी कविताएँ
सबसे ज़्यादा बेचैन करती है
और रात-बिरात अनगिनत शब्दों के साथ
मेरी नींद पर धावा बोल देती हैं
अनसुना कोई राग
अहर्निश बजता रहता है भीतर
प्रेम की सबसे करुण पुकार के साथ








