दिव्य ज्ञान

अमिताभअमिताभ

1 min read · 12.4K reads

लाखों-लाख बरस में धरती ठंडी क्यों हुई

प्लॉट के रूप में बिकने के लिए

लाखों-लाख बरस में वायरस से घड़ियाल होते हुए

हम आदमी क्यों बने

ब्राह्मण, चमार या दुसाध कहलाने के लिए

रीछ की तरह बाल लेकर

लाखों-लाख साल हम पहाड़-जंगल में क्यों भटके

अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए

लाखों-लाख साल तक प्रकृति को हमने क्यों निहारा

वेद-पुराण क्यों लिखा

पुष्पक विमान क्यों उड़ाया

गांडीव और सुदर्शन चक्र क्यों चलाया

मुसलमान और ईसाइयों को हिंदू बनाने के लिए

लाखों-लाख साल बारिश में भीगते

गुफाओं में छुपते

चट्टानों पर हिरण का चित्र बनाते

हम चतुर क्यों बने

स्विस बैंकों में पैसे छुपाने के लिए

अमिताभ
About the poet

अमिताभ

सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like