प्यार की आचार संहिता

अमिताभअमिताभ

1 min read · 12.4K reads

प्यार को एकांत, छाँह और बिस्तर नहीं खोजना चाहिए

प्यार को प्रमाण जुटाने के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए

प्यार को वीडियो रिकार्डिंग से दूर ही रहना चाहिए

प्यार को घर लौट आने के बारे में नहीं सोचना चाहिए

प्यार को अदालत, मंदिर, संविधान, पीनल कोड के शरण में नहीं जाना चाहिए

प्यार को ठहर कर पहाड़ की तरह खड़े होने का ख़्वाब नहीं देखना चाहिए

छुपने के लिए प्यार को बेगूसराय से लखीसराय नहीं जाना चाहिए

उसे इस तरह ग़ायब हो जाना चाहिए कि जैसे वह मर गया हो

सन्नाटे में भी अपनी आवाज़ सुनने की इच्छा प्यार के लिए आत्मघाती हो सकती है

प्यार को याद रखना चाहिए कि उसे किसी माँ-पिता ने जन्म नहीं दिया

प्यार का कोई चाचा, मामा या भाई नहीं

प्यार को याद रखना चाहिए कि वह जन्म से अनाथ और अवैध है

डीजी, आईजी या एसपी के दरबार में गुहार लगाने पहुँचा नहीं प्यार

कि उसका वध तय है

प्यार के सवाल को न्याय का सवाल कभी नहीं बनाना चाहिए

क्योंकि न्याय के ठेकेदार प्यार को खैनी की तरह ठोककर खा जाते हैं

या गन्ने के रस की तरह पीकर पचा जाते हैं

प्यार को कभी नहीं भूलना चाहिए

कि प्यार हमेशा अनाथ और अवैध होता है

क्योंकि वह वह विवाहित या अविवाहित नहीं होता

क्योंकि वह राजपूत और भूमिहार नहीं होता है

क्योंकि वह हिंदू और मुसलमान नहीं होता है

क्योंकि वह मालिक और नौकर नहीं होता है

अमिताभ
About the poet

अमिताभ

सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like